गुरसहायगंज। नवदुर्गा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को कोतवाली परिसर में शांति कमेटी की बैठक उपजिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई। कोतवाल ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दुर्गा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक पंडाल में अग्निशमन यंत्र के साथ दो बाल्टी बालू अनिवार्य रूप से रखी जाएं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर आग पर शीघ्र काबू पाया जा सके। उन्होंने कहा कि डीजे की आवाज निर्धारित मानक के अनुसार ही रखी जाए और पूर्व से लागू नियमों का पालन किया जाए। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मूर्ति की ऊंचाई पूर्व निर्धारित मानकों के अनुसार ही रखी जाएगी। प्रतिमा विसर्जन भी पूर्व की भांति निर्धारित स्थानों पर ही किया जाएगा। अधिकारियों ने आयोजकों को बताया कि इस बार कोई नए नियम लागू नहीं किए जाएंगे।