तिर्वा। तीन माह की बच्ची और महिला की मौत की गुत्थी सुझाने में असफल पुलिस को स्टेट मेडिकल लीगल टीम की जांच रिपोर्ट से राहत मिली है। जांच में सामने आया है कि मां-बेटी की मौत हादसे में चोट लगने की वजह से हुई थी। टीम ने जांच रिपोर्ट सीओ को सौंपी है।
11 सितंबर को कस्बा के जवाहर नगर मोहल्ला निवासी प्रांजुल गौतम की पत्नी सुरभि व उसके तीन माह की बच्ची का शव घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर नाले में पड़ा मिला था। महिला के पिता ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाकर पति समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर पीएम रिपोर्ट को जांच के लिए स्टेट मेडिकल लीगल विभाग को भेजा था।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को जेल भेज दिया था। पुलिस की मांग पर लखनऊ से स्टेट मेडिकल लीगल टीम ने सीओ शिवप्रताप सिंह के साथ घर से लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। अब टीम ने जांच रिपोर्ट बनाकर सीओ को सौंपी है। सीओ शिवप्रताप सिंह ने बताया कि स्टेट मेडिकल लीगल टीम ने जांच रिपोर्ट में महिला और बच्ची की मौत हादसे में गंभीर चोटों की वजह से होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।