तिर्वा। बिजली विभाग ने बकाएदार उपभोक्ताओं को राहत देते हुए एक मुश्त समाधान योजना शुरू की गई है। योजना के तहत एक मुश्त जमा करने पर ब्याज पर अधिक छूट दी गई है। किश्तों में जमा करने पर छूट के प्रतिशत को कम किया गया है। इसके लिए कस्बा समेत ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे।
एसडीओ कुलदीप राजपूत ने बुधवार से शुरू होने वाली एक मुश्त समाधान योजना के तहत कस्बे, बहेरिन, इंदरगढ़ व मतौली बिजली घर के लाइनमैनों के साथ बैठक की। बैठक में योजना के बारे में जानकारी दी गई। कहा कि एक किलो वाट के बकाएदार उपभोक्ताओं को एक मुश्त बिल जमा करने पर 100 प्रतिशत ब्याज में छूट दी जाएगी, किश्तों में जमा करने पर 90 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। एक किलोवाट से अधिक के उपभोक्ताओं को एक मुश्त बिल जमा करने पर 90 प्रतिशत व किश्तों में जमा करने पर 80 प्रतिशत, कॉमर्शियल में तीन किलो वाट तक के उपभोक्ताओं को एक मुश्त बिल जमा करने पर 80 प्रतिशत, तीन किलो वाट से अधिक उपभोक्ताओं को एक मुश्त बिल जमा करने पर 60 प्रतिशत की ब्याज की छूट दी जाएगी। नलकूप धारक उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत बिल में ब्याज माफी का प्रावधान है। एसडीओ ने बताया कि योजना को तीन चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में छूट का प्रतिशत अधिक है। दूसरे चरण में ब्याज माफी में प्रतिशत को कम और तीसरे चरण में पहले व दूसरे की अपेक्षा प्रतिशत कम किया गया है। योजना 31 दिसंबर तक चलेगी।