शुक्रवार की सुबह नौ बजे सुनील का पांच वर्ष का पुत्र विराज खाना खाने के बाद घर से बाहर खेलने के लिए निकल गया। कई घंटे तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। उसका पता नहीं चल सका।
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में करनौली चौकी क्षेत्र के ग्राम नगला में घर के अंदर बने शौचालय के टैंक में गिरने से मासूम की मौत हो गई। चार घंटे बाद शव टैंक से बाहर निकाला गया। इकलौते पुत्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
ग्राम सभा कुुंवरपुर-लोधपुर के मजरा राजा नगला निवासी सुनील राजपूत ने छह माह पहले घर में शौचालय के लिए टैंक का निर्माण कराया था। किसी कारण काम पूरा नहीं हो सका था। तभी से टैंक खुला पड़ा था। शुक्रवार की सुबह नौ बजे सुनील का पांच वर्ष का पुत्र विराज खाना खाने के बाद घर से बाहर खेलने के लिए निकल गया।
कई घंटे तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। उसका पता नहीं चल सका। इस बीच गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के कहने पर परिजनों ने घर के अंदर बने टैंक को चेक किया। टैंक में बांस डालते ही विराज का शव पानी से ऊपर आ गया।
शव देखते ही मां मंजीता व पिता गश खाकर गिर पड़े। गांव के लोगों ने रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया। विराज सुनील का इकलौता पुत्र था। पास के ही महुआ नगला गांव स्थित एक विद्यालय में पढ़ता था।