कन्नौज। रितुकला गांव स्थित मंदिर परिसर में कथा वाचक पंडित राजेश शास्त्री ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं और रासलीला का वर्णन सुनाया। इस दौरान मनोरम झांकियों का अवलोकन करवाया। कृष्ण जन्म कथा के बाद पूतना वध, यशोदा मां के साथ बालपन की शरारतें, गो-प्रेम, माखन चोरी और गोपियों का प्रसंग सुनाया।
कंस का आमंत्रण मिलने के बाद भगवान श्री कृष्ण बड़े भाई बलराम के साथ मथुरा प्रस्थान करते हैं। कथा के बीच में भजनों पर श्रोता भावविभोर हो गए। कथा व्यास ने बताया कि भागवत कथा विचार, वैराग्य, ज्ञान और हरि से मिलने का मार्ग बता देती है। उन्होंने कलयुग की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि मानस पुण्य तो सिद्ध होते हैं, परंतु पाप नहीं। कलयुग में हरि नाम से ही जीव का कल्याण है। ईश्वर का नाम ही काफी है। सच्चे हृदय से हरि नाम के सुमिरन मात्र से कल्याण संभव है। कठिन तपस्या और यज्ञ करने की आवश्यकता नहीं है। जबकि सतयुग, द्वापर और त्रेता युग में ऐसा नहीं था। कथा के अंत में गोवर्धन पूजा की गई।
इस अवसर पर मुन्नू सविता, संजय सविता, अनिल,पूसे लाल कुशवाहा, सतीश चंद्र,अशोक सविता,नाथू, झब्बू लाल, नीरज वर्मा,सुनील, दिनेश,गौरव ,रामनाथ सविता, प्रेमचंद, विनोद शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।