कन्नौज। कानपुर जोन के मुख्य अभियंता संजय गुप्ता ने सोमवार को कन्नौज डिवीजन का निरीक्षण किया। उन्होंने बिजली बिल बकाया वसूली में लापरवाही बरतने वालों को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही लाइनलॉस कम करने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता ने मकरंदनगर उपकेंद्र को देखा। उन्होंने उपकेंद्र के उपकरणों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इसके बाद उपकेंद्र के बाहर लगे स्मार्ट मीटर की जांच की और कार्यदायी संस्था जीनस के कर्मियों से स्मार्ट मीटर के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सभी अफसरों, एसडीओ और जेई के साथ बैठक की। 18 करोड़ 45 लाख रुपये की बकाया वसूली शत प्रतिशत करने को कहा। इस दौरान अधीक्षण अभियंता नंदलाल, अधिशासी अभियंता मगन सिंह, मीटर परीक्षण अधिकारी अभिषेक सिंह, एसडीओ, जेई आदि मौजूद रहे।
कन्नौज डिवीजन में लगे 156 स्मार्ट मीटर
शहर में स्मार्ट मीटर लगना शुरू हो गए हैं। सर्वप्रथम फीडर और ट्रांसफार्मरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। कन्नौज डिवीजन में 156 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसके बाद सरकारी कार्यालयों और फिर घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। संभावना जताई जा रही है कि अक्तूबर माह से मीटर लगाने को काम शुरू हो जाएगा।