छिबरामऊ। महिला का आरोप है कि पति व उसके भाई सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज व फोटो वायरल कर रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला ने एसपी को शिकायती पत्र भेजा है।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी मैनपुरी के एक गांव में हुई थी। उसके पति ने कई माह पहले उसके साथ मारपीट कर बेटी सहित उसे घर से निकाल दिया था, जिसके बाद वह अपने मायके में रह रही है। इसके बाद पति व उसके भाई सोशल मीडिया पर लगातार अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। इतना ही नहीं अश्लील फोटो व मैसेज भेजकर उसकी सामाजिक छवि को धूमिल कर रहे हैं।
दो दिन पहले भी पति ने ऐसी हरकत की। विरोध करने पर वह गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने एसपी को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा कि पति के खिलाफ कार्रवाई न होने पर वह आत्महत्या कर लेगी। उसने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।