कन्नौज। जिला अस्पताल में अब मरीजों को पलंग का आधा हिस्सा ऊपर करने के लिए लीवर घुमाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। अस्पताल में 12 रिमोट कंट्रोल पलंग आ गए हैं। इसके अलावा 24 नए साधारण पलंग भी आए हैं, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी।
जिला अस्पताल में सर्जिकल, मेडिसिन, इमरजेंसी, जनरल वार्ड सहित सभी वार्डों में 100 पलंग हैं। इसमें कई पलंग पुराने हो गए थे और सभी पलंग साधारण हैं। अब अस्पताल में 12 रिमोट कंट्रोल और 24 साधारण पलंग आ गए हैं। सर्जिकल और मेडिसिन वार्ड में छह रिमोट कंट्रोल और 12 साधारण पलंग डाले गए हैं व पुराने पलंग को हटा दिया गया है। अब मरीजों को पलंग का आधा हिस्सा ऊपर करने के लिए लीवर घुमाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, रिमोट से ही पलंग का आधा हिस्सा ऊपर हो जाएगा। इसके अलावा रिमोट कंट्रोल पलंग को एक वार्ड से दूसरे वार्ड में ले जाने के लिए कर्मियों को धक्का लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रिमोट की सहायता से ही पलंग को आगे और पीछे भी किया जा सकता है।
सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और व्यवस्थाएं मिल सकें, इसके लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला अस्पताल को 12 रिमोट कंट्रोल और 24 नए साधारण पलंग मिले हैं। रिमोट कंट्रोल पलंग से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। -डॉ. शक्ति बसु, सीएमएस