कन्नौज। छिबरामऊ से कानपुर जा रही पिकअप जसोदा के करीब सामने खड़ी डीसीएम से जा टकराई। हादसे में पिकअप में सवार तीन लोग जख्मी हो गए। तीनों को गांव वालों की मदद से गाड़ी से निकाला गया।जिला अस्पताल से तीनों को कानपुर रेफर कर दिया गया।
हादसा रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे जसोदा में बने एनएच 34 के टोल प्लाजा के पास हुआ। बताया गया कि टोल से ठीक पहले कई गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी बीच छिबरामऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप पहुंची और सड़क किनारे खड़ी होने लगी। चालक स्पीड को नियंत्रण नहीं रख पाया और पिकअप सामने खड़ी डीसीएम में जा घुसी। तेज आवाज के साथ टक्कर हुई। डीसीएम में आगे की सीट पर बैठे तीन लोग उसी में फंस गए। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। दो को तो किसी तरह गाड़ी से उतार लिया गया, लेकिन एक युवक का पैर फंस गया। काफी कोशिश के बाद भी नहीं निकाला जा सका। तब जैक लगाकर डीसीएम को थोड़ा ऊंचा किया गया, उसके बाद तीसरे युवक को निकाला जा सका। उसके बाद तीनों का जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से तीनों की हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पतला के इमर्जेंसी वार्ड में मौजूद डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक तीनों की हालत नाजुक थी। एक का पैर काफी क्षतिग्रस्त था।
-
गोंडा का निवासी, कानपुर में रहता है ड्राइवर
हादसे का शिकार हुई पिकअप के ड्राइवर की पहचान गोंडा निवासी इस्लाम (29) के रूप में हुई है। वह कानपुर के परमपुरवा में रहता है। उसके साथ परमपुरर्वा में ही रहने वाला रियाज और इंदरगढ़ निवासी रवि भी था। तीनों को कानपुर रेफर किया गया है।
फरिश्ता बनकर दौड़े गांव वाले
हादसे की आवाज सुनते ही जेवा गांव के 50 से भी ज्यादा लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना पर जसोदा चौकी की पुलिस भी पहुंच गई। गांव वालों की मदद से पुलिस का काम आसान हो गया। फंसे हुए युवक का पैर बाहर निकालने में परेशानी हुई तो उधर से गुजर रहे ट्रक को रुकवाकर उसके स्टाफ से जैक मांगा गया। फिर उसी जैक से गाड़ी को उठा कर युवक को बाहर निकाला गया।