कन्नौज। नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) टीम ने दूसरे दिन मंगलवार को भी जिला अस्पताल में कई बिंदुओं पर जांच की और गुणवत्ताओं को परखा। अभिलेखों में जानकारियां मिलीं अधूरी। टीम ने कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान टीम ने बेहतर ढंग से जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित किया।
जिला अस्पताल में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) टीम की डॉ. संगीता संजय सेन और डॉ. अमर बोधी की दो सदस्यीय टीम सोमवार से निरीक्षण कर रही है। मंगलवार को टीम ने अभिलेखीय जांच की। ओपीडी, इमरजेंसी, दवा भंडारण, एसएनसीयू, समेत डॉक्टरों के कक्षों में मौजूद रजिस्टरों की जांच की। अधिकतर रजिस्टरों का रख-रखान व दर्ज जानकारी आधी-अधूरी मिली। निरीक्षण के बाद टीम ने चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और कर्मचारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीज और परिजन बेहद परेशान होते हैं। अच्छे ढंग से बात करने पर मरीज और परिजनों को बेहतर उपचार होने का भरोसा कायम होता है। मरीज की सेवा ही चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मचारियों का धर्म है। सभी लोग अच्छे ढंग से जिम्मेदारियों का पालन करें। इससे अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सेवाएं संभव हैं।
टीम प्रभारी डॉ. संगीता संजय सेन ने बताया कि जिला अस्पताल में निरीक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है। अस्पताल में मिली सुविधाओं के मानकों पर नंबर दिए जाएंगे। दो माह बाद परिणाम घोषित होंगे। अगर जिला अस्पताल को 70 फीसदी अंक मिलते हैं तो एनक्वास का सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इसके साथ ही विशेष पैकेज से चिकित्सीय सेवाओं को विस्तार दिया जाएगा। निरीक्षण के बाद शाम करीब पांच बजे टीम लखनऊ के लिए रवाना हो गई।