सौरिख। बीते आठ दिनों से डेंगू से पीड़ित चल रहे अधेड़ की फर्रुखाबाद के निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई।
ग्राम वीरपुर निवासी विजय पाल उर्फ राधेश्याम (55) पुत्र अभयराम यादव बीते 8 दिनों से डेंगू से पीड़ित चल रहे थे। उनका उपचार कस्बे के ही एक निजी चिकित्सक से चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें फर्रुखाबाद लेकर गए, जहां एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां भी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और देर रात राधेश्याम यादव की मौत हो गई। राधेश्याम की पत्नी बिट्टन देवी, पुत्र मोहित समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। राधेश्याम देवांशु समाज कल्याण महाविद्यालय में प्रधान लिपिक के पद पर कार्य करते थे। उधर, दूसरी तरफ राधेश्याम के परिजनों ने कस्बे के निजी चिकित्सक पर सही उपचार न करने का आरोप लगाते हुए बताया कि यहां के चिकित्सकों ने हालत के बारे में पूछने पर हमेशा ही यही कहा कि मरीज की हालत ठीक है और सुधार हो रहा है। रुपये ऐंठने के चक्कर में चिकित्सक ने उन्हें रेफर नहीं किया। ज्यादा हालत खराब होने पर जबरिया रेफर कराया गया।