कन्नौज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले को दो करोड़ रुपये का बजट मिल गया है। इस धनराशि से 26 नवंबर को सात फेरे और निकाह कराए जाएंगे। इसके लिए पांच स्थान भी चिह्नित हो गए हैं। योजना का लाभ लेने के लिए अब तक 387 आवेदन विवाह के समाज कल्याण विभाग के पास आ चुके हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दिनेश गोदारा ने बताया कि विवाह के लिए 26 नवंबर का शुभ मुहूर्त है। शहर के पीएसएम पीजी कॉलेज में ब्लॉक व नगर क्षेत्र कन्नौज के अलावा उमर्दा, जलालाबाद, गुगरापुर क्षेत्र के करीब 180 लाभार्थी शामिल होंगे। इसके अलावा तालग्राम, छिबरामऊ, हसेरन और सौरिख में भी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के आयोजन होंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी का कहना है कि शासन ने दो करोड़ रुपये का बजट विभाग को दे दिया है। बुधवार को पीएसएम पीजी कॉलेज में पंडाल भी लगने लगा। उन्होंने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अनुपम राय के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने वाहनों के खड़े होने के स्थल को लेकर भी चर्चा की।
----------------
अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा
नौ नवंबर के अंक में अमर उजाला ने बजट न लक्ष्य, 25 से सामूहिक विवाह का मुहूर्त शीर्षक के साथ खबर भी प्रकाशित की थी। इसमें 200 आवेदन आने के बाद भी बजट न मिलने का जिक्र था, उसके बाद ही शासन ने बजट जारी किया है।
रिपोर्ट...अजय कुमार मिश्र