तालग्राम। संदिग्ध हालात में एक युवती का शव घर में मिला। परिजनों ने पड़ोसी युवक पर हत्या का आरोप लगाया है । शव सड़क पर रखकर परिजनों ने हंगामा कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को कब्जे में लेकर जाम खुलवाया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है।
तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव ताहपुर निवासी शरफुद्दीन चेन्नई में आइसक्रीम का धंधा करता है। यहां गांव में पत्नी शबीना, बेटी सकीना (20) समेत चार बच्चों के साथ रहती है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की दोपहर घर में संदिग्ध हालात में सकीना का शव मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। चाचा शमीम ने पड़ोसी युवक पर हत्या कर शव घर में फेंकने का आरोप लगाया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने ताहपुर-इंदरगढ़ सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा, इंदरगढ़ थाना प्रभारी पीएन बाजपेयी, गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह पहुंच गए। परिजनों को शांत कराते हुए पुलिस ने तीन बजे से लगे जाम को खुलवाया। चाचा ने बताया कि गांव का युवक कई दिनों से भतीजी का रास्ता रोककर परेशान करता था। आरोप लगाया कि उसी युवक ने परिजनों के साथ हत्या कर शव घर में फेंक दिया। थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नवंबर में आनी थी बरात
परिवार के मुताबिक हाल में ही सकीना की शादी तय हुई थी। गोदभराई के बाद नवंबर में बरात आनी थी। पड़ोसी युवक से बात करने के बाद आत्महत्या करने की क्षेत्र में चर्चा है। पुलिस ने भी आत्महत्या और हत्या के आधार पर जांच शुरू की है। सकीना चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। जनवरी में चेन्नई से आकर एक रिश्तेदार ने उसकी शादी तय की थी। गांव में चर्चा है कि गांव में रहने वाले युवक को शुक्रवार की दोपहर सकीना से बात करते देखा गया था। इसके बाद लोगों को उसकी मौत की जानकारी हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गांव में रहने वाले युवक की तलाश में दबिश तेज कर दी है।