गुरसहायगंज। बहला कर युवती को ले जाने के बाद तीन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ में ले जाए गए जेवर और रुपये भी छीन लिए। युवती का आरोप है कि उसे किसी अन्य युवक के हाथों बेच दिया। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि गांव का ही एक युवक चार मई को उसे बहला-फुसलाकर ले गया था। वह घर से दो लाख के जेवर और 50 हजार रुपये की नकदी भी ले गई थी। युवक उसे गाजियाबाद में परिचित के घर ले गया। जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद तीन लोगों ने कई बार दुष्कर्म किया।
आरोप है कि इस दौरान उसे बेचने के लिए एक लाख रुपये में सौदा कर दिया। इधर पिता की शिकायत पर पुलिस के दबाव के चलते पांच मई को आरोपी उसे कस्बा सराय प्रयाग में पुलिस चौकी के पास छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिस पर पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।