तालग्राम। धान की मड़ाई करते समय थ्रेशर में दुपट्टा फंसने से युवती की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। दो भाइयों के बीच एकलौती बहन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के मवइया गांव निवासी तुलसीराम रविवार सुबह 11 बजे खेत पर धान की मड़ाई ट्रैक्टर वाली थ्रेसर मशीन से कर रहे थे। बेटी जूली (22) पिता व भाइयों को खेत पर पानी देने गई थी। पिता थ्रेशर से धान को तसला से भरकर बोरियों में डाल रहे थे। जूली ने पिता को पानी पीने भेज दिया और स्वयं तसला से धान भरने लगी। तभी गले में पड़ा दुपट्टा थ्रेशर के पंखे में फंस गया, जिससे वह थ्रेशर की चपेट में आ गई और बेहोश हो गई।
पिता ने ट्रैक्टर को बंद कर उसे गुरसहायगंज में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। जूली दो भाइयों राधामोहन व प्रेमचंद्र के बीच इकलौती बहन थी। थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया ने बताया कि पुलिस को किसी ने घटना की सूचना नहीं दी है। मामले की जानकारी कराई जाएगी।