उमर्दा। बेटे पर लगे छेड़खानी के आरोप से आहत किसान के आत्महत्या के मामले में शिकायतकर्ता युवती परिवार के साथ लापता हो गई। किसान के बेटे ने युवती और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के निकारी पुर्वा गांव में किसान रमेश चंद्र के बेटे श्रीपाल पर शुक्रवार को एक युवती ने छेड़खानी का आरोप लगाया था। इस घटना से शर्मसार होकर पिता रमेश चंद्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है।
इधर, कार्रवाई के डर से आरोप लगाने वाली युवती और परिवार के लोग शनिवार की रात घर में ताला लगाकर चले गए है। श्रीपाल ने बताया युवती ने उस पर छेड़खानी का झूठा आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
युवती और उसके परिजनों ने पिता का अपमान किया। इससे पिता ने जान दे दी। थाना प्रभारी कमल भाटी का कहना है किसान के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।