कन्नौज। नरौरा बांध से पानी छोड़ने की वजह से गंगा नदी (मेहंदीघाट) का जलस्तर शनिवार को और बढ़ गया है। चेतावनी बिंदु 124.970 मीटर से गंगा मात्र दो सेंटीमीटर दूर है, जो कभी भी पार हो सकता है। उधर, बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। उसने नदी के किनारे स्थित गांवों को सचेत किया है। साथ ही बाढ़ चौकियां बनाकर टीमों को तैनात किया। अधिकारी पल-पल की खबर भी ले रहे हैं।
सिंचाई विभाग की ओर से शनिवार को सुबह आठ बजे जारी की रिपोर्ट में गंगा का जलस्तर आठ सेमी बढ़ गया। कुल 53,877 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के साथ ही जलस्तर 124.920 मीटर पर पहुंचा। उसके बाद दोपहर दो बजे की रिपोर्ट में तीन सेमी की और बढ़ोत्तरी हुई और 124.950 मीटर पर पानी पहुंच गया। एक दिन में कुल 11 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है। जानकारों की माने तो रविवार की सुबह आठ बजे तक की रिपोर्ट में चेतावनी बिंदु पार हो सकता है। गंगा किनारे बसे गांव के लोग भी सतर्क हैं। अधिकारियों का भी मानना है कि रात में भी चेतावनी बिंदु को जलस्तर छू सकता है। एसडीएम सदर राकेश त्यागी का कहना है कि गंगा किनारे रहने वाले ग्रामीणों के सहयोग के लिए बाढ़ चौकियां बना दी गई हैं।