कन्नौज। रोटरी क्लब शौर्य एवं अपर्णा फाउंडेशन की ओर से निशुल्क नेत्र ऑपरेशन एवं कृत्रिम अंग वितरण के लिए शिविर का आयोजन तिर्वा क्रासिंग के निकट एक कोल्ड स्टोरेज में 28 और 29 जनवरी को है। शिविर की शुरुआत समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, डीएम शुभ्रांत शुक्ल और एसपी अमित कुमार आनंद करेंगे।
रोटरी क्लब शौर्य के प्रेसिडेंट अमिताभ गुप्ता एवं रोटरी क्लब कन्नौज के अध्यक्ष उमाकांत शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निशुल्क शिविर सुबह 10 से दो बजे तक है। इसमें जवाहर लाल नेहरू रोहतगी कानपुर के डॉक्टर्स की टीम की ओर से आखों की जांच की जाएगी। ऑपरेशन के लिए मरीजों को उसी दिन बस से कानपुर भेजा जाएगा। इसके अलावा जिस मरीज के एक या दोनों हाथ, एक या दोनों पैर न होने पर निशुल्क आर्टिफिशियल हाथ-पैर मरीजों को लगाए जाएंगे। इसमें श्रीभगवान महावीर विकलांग सहायता समिति कोटा राजस्थान के कुशल डॉक्टर जांच करेंगे, जिसके बाद तुरंत हाथ या पैर का वितरण दिए जाएंगे। शिविर में अपर जिला जज लवली जायसवाल, जिला दिव्यांग अधिकारी तनुज त्रिपाठी, इनर व्हील क्लब की चेयरमैन संध्या गुप्ता, अपर्णा फाउंडेशन के चेयरमैन प्रदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।
सामान्य स्वास्थ्य की भी निशुल्क होगी जांच
अध्यक्ष ने बताया कि शिविर में निशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच नेत्र, कान, नाक, गला, दांत, फेफड़े , हड्डी, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर के मरीजों की जांच होगी। इसके अलावा हार्निया, हाइड्रोसील, पथरी, भगंदर, बच्चेदानी का निकालना, अपेंडिक्स, प्रोस्टेट, गर्भस्थ में गांठ का निशुल्क ऑपरेशन कानपुर में कराया जाएगा। मरीजों को आधार कार्ड की फोटोकॉपी लाना अनिवार्य होगा।