हसेरन। खिड़की तोड़कर कमरे में दाखिल हुए चोर हजारों रुपये की नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए। दूसरी मंजिल पर सो रहे परिजनों को घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह कमरे में सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने पहुंचकर जांच की।
इंदरगढ़ क्षेत्र के हसेरन के नगरिया मोहल्ला निवासी नीरज मिश्रा परिजनों के साथ घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। रात में चोर घर के पीछे की दीवार में लगी खिड़की को तोड़कर अंदर घुस गए। कमरे में रखी अलमारी खोलकर नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए। सुबह परिजन सोकर उठे और नीचे कमरे में पहुंचे तो सामान बिखरा देख चोरी होने की जानकारी हुई। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घर से 100 मीटर दूरी पर स्थित सहकारी समिति की चाहरदीवारी पर टूटा हुआ बक्सा पड़ा मिला।
दीपांशु ने बताया कि चोर बक्सों व अलमारी में रखा एक हार, चूड़ी का सेट, अंगूठी, दो कमर पेटी, मंगलसूत्र व पायल और 65 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने आसपास के प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। थाना प्रभारी पारुल चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।