कन्नौज। नगर पालिका परिषद कन्नौज से चेयरमैन पद के लिए सपा प्रत्याशी यासमीन समेत चार उम्मीदवारों ने अपने-अपने पर्चे दाखिल किए। अब तक सात उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं। इसमें बसपा, कांग्रेस व निर्दलीय शामिल हैं। अब तक भाजपा व आप आदमी पार्टी की ओर से प्रत्याशी के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
सदर तहसील परिसर में शुक्रवार को सपा से पार्टी जिलाध्यक्ष मोहम्मद कलीम खान की पत्नी यासमीन ने रिटर्निंग ऑफिसर पवन मीना के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया। उनके साथ में पूर्व चेयरमैन सुनील गुप्ता उर्फ मुन्ना, बउअन तिवारी व खुद जिलाध्यक्ष शामिल रहे। निर्दलीय प्रत्याशियों में मनऊलाल की पत्नी अल्पना, अरुण कुमार की पत्नी पुष्पा व श्रद्ध कुमार की पत्नी मोनिका दुबे ने भी चेयरमैन पद के लिए पर्चा भरा। रिटर्निंग ऑफिसर के मुताबिक अब तक कुल सात उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं। जिसमें बसपा, कांग्रेस व सपा के प्रत्याशी शामिल हैं। चार निर्दलीय प्रत्याशी भी पर्चा दाखिल कर चुके हैं। भाजपा ने अब तक अपने प्रत्याशियों की घोषणा तक नहीं की है। दूसरी ओर चेयरमैन पद के लिए पांच अन्य पर्चे भी बिक्री किए गए।
-
आज व कल भी होंगे नामांकन
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिनीत कटियार ने बताया कि 17 से 24 अप्रैल तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी, जिसमें कोई भी अवकाश नहीं है। 22 को ईद, परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया होने के बाद भी नामांकन प्रक्रिया बाधित नहीं होगी। 23 अप्रैल को रविवार को भी पर्चे दाखिल होंगे।