तिर्वा (कन्नौज)। कोर्ट मैरिज करने के बाद पति दहेज की मांग करते हुए पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो पति ने तलाक देकर दूसरी शादी करने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। महिला ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के छजूपुर गांव निवासी जमुना देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के बिजनापुर गांव निवासी संजय कुमार से कोर्ट मैरिज कर शादी की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही पति ने दहेज में तीन लाख रुपये की मांग कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर तलाक देकर परिजनों की सहमति से दूसरी शादी करने की धमकी दी। 25 दिसंबर को पति ने मारपीट कर घर से निकाल दिया और बिना दहेज के दोबारा घर आने पर जान से मार देने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।