गुरसहायगंज। घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिससे नकदी व लाखों रुपये कीमत के जेवर जलकर राख हो गए।
गुरसहायगंज क्षेत्र के ग्राम लाडपुर निवासी मान सिंह दोहरे दिल्ली में एक प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करते हैं। रविवार को बहन पूजा की सगाई का कार्यक्रम था। इसलिए मान सिंह परिजनों के साथ कन्नौज के रंगियनपुरवा गांव गए थे। घर में मां विमला देवी दो छोटे बच्चों के साथ घर के बाहर लेटी थीं। रविवार की शाम करीब छह बजे घर के अंदर बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हो गया और कुछ ही देर में वहां पर रखे सामान में आग पकड़ ली। लपटों को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाना शुरू कर दिया। आग से डेढ़ लाख रुपये, ढाई लाख के जेवर के अलावा दहेज में देने के लिए रखा फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, कपड़े और बर्तन भी जल गए। आग से बहन को दहेज में देने का सामान जलने से मान सिंह काफी परेशान थे। सूचना पाकर लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर आग से हुई क्षति का आंकलन किया और मुआवजे के लिए रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी।