छिबरामऊ/सिकंदरपुर (कन्नौज)। नेशनल हाईवे पर पिकअप व बाइक की भीषण भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की 100 शैया अस्पताल में, जबकि दूसरे की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। तीसरे घायल को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना मेरापुर के नवली गांव निवासी हरीनंदन (45) गांव के ही रामविलास (46) व खिरिया गांव निवासी अवधेश सिंह (48) छिबरामऊ के निजामपुर गांव सभा मजरा बिराहिमपुर रिश्तेदार के यहां दावत खाने आए थे। सुबह सात बजे यहां से तीनों छिबरामऊ की ओर नेशनल हाईवे पर गलत दिशा से आ रहे थे। सही लेन पर पहुंचने के लिए सलेमपुर स्थित मां भगवती महाविद्यालय के सामने कट क्रास कर रहे थे। तभी छिबरामऊ से गुरसहायगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई।
सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे चौकी इंचार्ज सिकंदरपुर प्रमोद तिवारी ने एंबुलेंस से तीनों घायलों को 100 शैया अस्पताल भिजवाया और हादसे की जानकारी परिजनों को दी। अस्पताल पहुंचे घायलों में अवधेश को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस बीच अवधेश समेत दोनों घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। शव देख परिजनों ने अस्पताल परिसर में रोना-चिल्लाना शुरू कर दिया। चिकित्सक की सलाह पर घायल रामविलास व हरीनंदन को लेकर परिजन तिर्वा के लिए रवाना हो गए। हालत में सुधार न होने पर रामविलास को कानपुर व हरिनंदन को आगरा रेफर कर दिया गया। कानपुर में इलाज के दौरान रामविलास की भी मौत हो गई। उधर, दूसरी तरफ पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त पिकअप व बाइक को चौकी पर खड़ी करा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे की तहरीर नहीं मिली है।