तालग्राम। नौसारा रोड तालग्राम में रखे ट्रांसफार्मर के केबल में देर रात फाल्ट से दो मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने सप्लाई बंद कर किसी तरह आग बुझाई।
कस्बा की कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति के लिए नौसारा रोड पर ट्रांसफार्मर रखा है। रविवार रात करीब नौ बजे फॉल्ट होने से सेठ मंदिर के पास केबल में आग लगने से नौसरा व जयनगर मोहल्लों की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कर्मियों ने किसी तरह दो घंटों में केबल ठीक किया, लेकिन कुछ देर बाद फिर फॉल्ट हो गया। सोमवार को केबल बदल कर सप्लाई बहाल की गई। एसडीओ अनुभव श्रीवास्तव का कहना है कि मेन लाइन केबल को बदल दिया गया है। सप्लाई चालू करा दी गई है।