गुरसहायगंज। हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आ जाने से कस्बे समेत 100 गांवों की सप्लाई बंद हो गई। छह घंटे तक ग्रामीणों को गर्मी में परेशान होना पड़ा। कई जगह पीने के पानी की भी किल्लत से उन्हें जूझना पड़ा। छिबरामऊ से गुरसहायगंज सब स्टेशन के लिए आने वाली हाई टेंशन लाइन में ग्राम अकबरपुर के निकट सोमवार की शाम करीब पांच बजे फॉल्ट आ गया। इससे गुरसहायगंज पावर सब स्टेशन की बिजली सप्लाई ठप हो गई। बिजली सप्लाई बंद होते ही कर्मचारियों ने बिजली घर का मोबाइल और अपने मोबाइल बंद कर लिए। बिजली सप्लाई ठप होने की जानकारी के लिए लोग फोन करते रहे, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं मिल सकी, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ा। रात करीब 12:00 बिजली सप्लाई बहाल हुई। सप्लाई ठप रहने से कस्बे के अलावा उपकेंद्र से जुड़े 100 गांवों अंधेरे में डूबे रहे। वहीं दूसरे दिन मंगलवार को भी अघोषित बिजली कटौती जारी रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 20 घंटा बिजली देने के आदेश के बाद भी मात्र 10 से 12 घंटा बिजली मिलने से लोगों को गर्मी में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।