कन्नौज। महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध पर रोक लगाने के लिए मुकदमों की तेजी और प्रभावी पैरवी पर जोर दिया गया है। डीएम शुभ्रांत शुक्ल ने कलक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक के दौरान अफसरों और अभियोजन से जुड़े जिम्मेदारों संग बैठक कर कई जरूरी निर्देश दिया है। उन्होंने स्कूलों के आसपास बिकने वाले पाम मसाला के खिलाफ अभियान चलाने को कहा है।
डीएम ने कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में कानून/शांति व्यवस्था, अभियोजन व नारकोटिक्स बैठक की अध्यक्षता करते हुए बारी-बारी से समीक्षा की। नारकोटिक्स की समीक्षा करते हुए कहा कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम के लिए कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। रेव, पार्टियों/हुक्काबार और स्कूल-काॅलेजों के पास खाद्य पदार्थ बेच रहे दुकानदारों पर विशेष ध्यान देकर मादक पदार्थों का उपयोग पाये जाने पर उनके आपूर्तिकर्ताओं के श्रोत का पता लगाकर कार्रवाई करें। उन्होंने डीआईओएस व बीएसए से कहा कि स्कूल/काॅलेजों में नशा उन्मूलन व जागरूकता कार्यक्रम/अभियान आयोजित करें। कानून व्यवस्था/अभियोजन समिति की बैठक कर समस्त अभियोजना अधिकारियों से कहा कि गैंगेस्टर, महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधिक मामलों का निर्धारित समयावधि के अन्दर निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित करें। शासकीय अधिवक्ताओं से कहा कि जनपद न्यायालय एवं अन्य न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को अधिक से अधिक निस्तारण कराया जाए। जो वाद बहस के योग हो उसमें बहस व जिसमें बहस हो चुकी हो उसमें कार्रवाई कराई जाए। बैठक में एसपी अमित कुमार आनंद, एडीएम आशीष सिंह, एसडीएम तिर्वा पवन मीणा, एसडीएम सदर अविनाश गौतम, बीएसए कौस्तुभ सिंह, डीआईओएस आदि मौजूद रहे।