छिबरामऊ। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल को तिर्वा मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया। दूसरे को परिजन लखनऊ ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
छिबरामऊ कोतवाली के गढ़िया ब्राहिमपुर गांव निवासी सुरजीत (45) खेतीबाड़ी करते थे। परिजनों ने बताया कि रविवार शाम वह बाइक से अपने साथी लेकपाल (50) पुत्र बेचे के साथ छिबरामऊ बाजार करने आए थे। लौटते समय ब्राहिमपुर गांव के पास कट पर सामने से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पाकर पहुंचे परिजनों ने दोनों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने दोनों को तिर्वा मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। सुरजीत की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें लखनऊ ले गए, जहां इलाज के दौरान सुरजीत की मौत हो गई। सुरजीत की दो बेटियां तथा एक बेटा है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।