तालग्राम। छिबरामऊ-तालग्राम मार्ग पर अतरौली मोड़ ऊंची पुलिया के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। किसान ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर लगते ही हेलमेट उछल कर दूर जा गिरा।
छिबरामऊ के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नई बस्ती निवासी चंद्रभान शाक्य (45) खेती करते थे। परिजनों ने बताया कि चंद्रभान शनिवार को तालग्राम मोहल्ला तालाब कलां निवासी देशराज शाक्य की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। देर रात वह बाइक से घर जा रहे थे। अतरौली मोड़ ऊंची पुलिया के पास पहुंचे ही थे तभी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे घायल हो गए। काफी देर तक वहीं पड़े रहे। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस सीएचसी तालग्राम लेकर गई, जहां डाक्टरों ने चंद्रभान को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर परिजन भी अस्पताल आ गए और पत्नी व बच्चों में कोहराम मच गया। चंद्रभान के एक पुत्र अनुराग व तीन पुत्री अंजली, तृप्ति, गरिमा है। उपनिरीक्षक किशनवीर सिंह व शिवपाल सिंह भदौरिया ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।