संवाद न्यूज एजेंसी
जसोदा। रात में पेड़ से ताड़ी उतारते समय किसान का पैर फिसल गया और वह गिर पड़ा। हादसे में किसान की मौत हो गई। उसका शव रात में घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। सुबह उधर से गुजर रहे लोगों की निगाह पड़ी तो सनसनी फैल गई।
गुरसहायगंज कोतवाली के जसोदा चौकी क्षेत्र की ग्राम सभा बैसावारी के मजरा ताखेपुरवा निवासी प्रकाश चंद्र यादव का 35 वर्षीय पुत्र अजय सिंह शनिवार की देर शाम गांव के बाहर ताड़ी उतारने गया था। ताड़ी उतारते समय पेड़ से गिर गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। रविवार की सुबह लोग खेतों की ओर गए तब उसे मृत अवस्था में पड़ा देखा। परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मचा गया। पत्नी पांच वर्षीय पुत्र के साथ मायके डालेपुर गई थी। चचेरे भाई मुखराम की तहरीर पर जसोदा चौकी प्रभारी आशीष कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।