कन्नौज। अब जबकि निकाय चुनाव में गिनती के दिन बचे हैं, प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में बुधवार को शहर के सेंट जेवियर्स स्कूल में पोलिंग टीम को चुनावी ट्रेनिंग दी गई। वोट डलवाने का सिलसिलेवार तरीका बताया। हर पहलू को बारीकी से समझाया गया। डीएम ने भी ट्रेनिंग में पहुंचकर आयोग की ओर से जारी हिदायत को साझा किया। कहा कि हर वोटर के बाएं हाथ की उंगली में अमिट स्याही लगानी है। किसी बाहरी का दिया हुआ नहीं खाना है। अपने खर्च से ही भोजन करना है।
नगर निकाय चुनाव में होने वाले मतदान के लिए शहर के पुलिस लाइन के करीब स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में बुधवार को दो पाॅलियों में ट्रेनिंग हुई। इसमें सभी पोलिंग पार्टी को वोटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की जानकारी दी गई। मतदाता को बैलट पेपर देने और उसकी उंगली में अमिट स्याही लगाने से लेकर बैलेट बॉक्स में डलवाने तक की जानकारी दी गई। इस दौरान डीएम शुभ्रांत शुक्ला ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया। उन्होंने बारी-बारी से सभी का मुआयना किया। इस दौरान समझाते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य बहुत महत्वपूर्ण है, प्रशिक्षण लगन के साथ लें जिससे की निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा ना आए। मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में सभी को बताया गया है। मतदान स्थल पर जाकर क्या-क्या सावधानियां बरतनी हैं, मतदान के दिन मत पेटिका को किस प्रकार तैयार किया जाएगा, एजेंट कैसे बनाए जाएंगे, मतदाता की पहचान के लिए कौन-कौन से पहचान पत्र मान्य हैं, अमिट स्याही मतदाता की बाएं हाथ की तर्जनी पर अवश्य लगाएं। बैलेट पेपर सही हो उम्मीदवार की सूची का मिलान भी अवश्य करें। इस दौरान सीडीओ आरएन सिंह, बीएसए कौस्तुभ सिंह, डीडीओ नरेंद्र द्विवेदी, डीपीआरओ जितेंद्र मिश्रा सहित इस काम में लगे अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
ट्रेनिंग से गायब रहे पांच कर्मचारी, होगी कार्रवाई
बुधवार को हुई ट्रेनिंग के दौरान पहली पाली में 400 कार्मिक के सापेक्ष 399 कार्मिक उपस्थित रहे। एक कर्मचारी गायब रहा। जबकि दूसरी पाली में 400 कार्मिक के सापेक्ष 396 कार्मिक उपस्थित रहे। जिसमें पीठासीन अधिकारी एक व द्वितीय मतदान अधिकारी एक, और तृतीय मतदान अधिकारी तीन अनुपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित को निर्देशित करते हुए कहा कि अनुपस्थित कार्मिक दिनांक चार मई 2023 को दूसरी पाली में उपस्थित होकर अपना प्रशिक्षण प्राप्त कर लें। अगर उपस्थित नहीं होते हैं तो निर्वाचन कार्य में लापरवाही मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
44 कर्मचारियों ने डाला वोट
ट्रेनिंग के दौरान दोनों पालियों में मतदानकर्मियों को वोट देने की भी सुविधा दी गई थी। निकाय क्षेत्र में रहने वाले कर्मचारियों में से 44 ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनके लिए ट्रेनिंग सेंटर पर ही अलग से मतदान कक्ष बनाया गया था।