कन्नौज। जिला उद्योग बंधु की बैठक के दौरान व्यापारियों को उद्यम रजिस्ट्रेशन की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि उद्योग व्यवसाय एवं सेवा क्षेत्र में कार्यरत इकाइयों का विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उद्यम रजिस्ट्रेशन जरूरी है। उद्यम रजिस्ट्रेशन अभियान के अंतर्गत उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन व उद्यमिता विकास केंद्र की मदद से निशुल्क रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
कलक्ट्रेट में हुई बैठक के दौरान डीएम शुभ्रांत शुक्ला ने बताया कि उधम रजिस्ट्रेशन अभियान दिनांक एक जून से शुरू होकर 15 जून तक संचालित हैं । उद्यम रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर जो आधार कार्ड से लिंक हो, बैंक खाते का विवरण आदि प्रपत्र का होना आवश्यक है। इसी क्रम में वर्ष 2017 से 2022 तक जिन व्यापारियों की ओर से किसी भी वर्ष का वार्षिक रिटर्न भूलवश नहीं भरा गया है, वह 20 हजार रुपये के जुर्माना के साथ 30 जून तक जमा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत व्यापारी की दुर्घटना में मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये की धनराशि देने का प्रावधान किया गया है। जिन व्यापारियों की ओर से फेंक जीएसटी रजिस्ट्रेशन ले लिया गया है, सिर्फ बिल जारी करने का कार्य किया जा रहा है, अभियान चलाकर चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
बॉबी बस सर्विस को बंद कराने की मांग
बैठक में उद्यमियों ने भी जरूरी सुझाव दिया। लाखन चौराहे के पास अंडर ग्राउंड विद्युत लाइन बिछाने की बात कही गई। इसी प्रकार बोर्डिंग ग्राउंड के पास बिजली पोल ठीक कराने का अनुरोध किया गया। मांग की गई कि बिजली विभाग झुके हुए पोलों को चिह्नित कर ठीक कराए। गुरसहायगंज बाजार में शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग की गई। उद्यमियों ने कहा कि शहर में रोडवेज बस स्टैंड के सामने से बॉबी बस सर्विस को बंद कराया जाए। कहा गया कि बॉबी बस सर्विस रोडवेज बस स्टैंड के पास से अवैध तरीके से सवारियां ढोती है। डीएम ने इन मामलों को निस्तारित करने के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए ग।