उमर्दा (कन्नौज)। क्षेत्र के निकारीपुर्वा गांव में बेटे पर लगे छेड़खानी के आरोप से शर्मसार पिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह गांव के बाहर पेड़ पर शव लटका मिला। परिजनों ने आरोप लगाने वाली युवती और उसके पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव निकारीपुर्वा निवासी श्रीपाल अपने पिता रमेश चंद्र (50) के साथ खेतीबाड़ी करते हैं। शुक्रवार की रात करीब नौ बजे एक युवती ने घर में घुसकर श्रीपाल पर छेड़खानी का आरोप लगाया, दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। युवती ने रात में थाने पहुंचकर श्रीपाल पर छेड़खानी का आरोप लगा तहरीर दी। इधर खाना खाने के बाद पिता रमेश चंद्र खेतों की ओर चले आए। यहां खेत में खड़े पेड़ की डाल पर फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। सुबह शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। श्रीपाल ने बताया कि युवती के परिजनों ने रंजिश के चलते उसे और उसके पिता से मारपीट कर छेड़खानी का झूठा आरोप लगाया, इससे शर्मसार होकर पिता ने आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।