फोटो-11- लिफ्ट खराब होने पर कुतूलुपुर मोहल्ले की रश्मी को व्हीलचेयर से ले जाता वार्ड ब्वाय प्रशांत?
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। महिलाओं को बेहतर उपचार मुहैया के दावे जिले में हवाहवाई है। बीते दो माह से अस्पताल की लिफ्ट खराब है। प्रसव पीड़ा सहते हुए प्रसूताओं को सीढ़ी या फिर व्हीलचेयर से तीसरी मंजिल तक जाना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में ब्लड प्रेशर की डिपिन दवा भी खत्म हैं।
जिला अस्पताल परिसर में संचालित महिला अस्पताल में प्रथम तल पर ओपीडी सेवाएं और दवा वितरण यूनिट है। द्वितीय तल पर ओटी और प्रसव कक्ष है। तृतीय तल पर एसएनसीयू स्थापित है। प्रसूताओं व अन्य बीमारियों से परेशान महिलाओं को परेशान न होना पड़े, इसके लिए दो लिफ्ट लगी हैं। यह लिफ्ट अक्सर खराब रहती हैं।
दो माह से लिफ्ट खराब पड़ी हैं। जिम्मेदार ठीक कराने की भी सुध नहीं ले रहे हैं। इससे प्रसूताओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता। वहीं अस्पताल में प्रसव के दौरान अगर प्रसूता का ब्लड प्रेशर बढ़ता है, तो परिजनों को बाहर से डिपिन दवा लाने के लिए भेजा जाता। डीएम शुभ्रांत शुक्ल ने बताया कि जल्द महिला अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा। दवाओं के न मिलने लिफ्ट खराब होने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
---------------------
अभी तक लिफ्ट की खराबी भी नहीं पता
जिला अस्पताल में तकनीकी कमियों को ठीक कराने की जिम्मेदारी टेक्नोलॉजिस्ट आरके यादव की है। वह अपर निदेशक स्वास्थ्य कानपुर कार्यालय में बैठते हैं। जिम्मेदारों का कहना है कि वह जब दौरा करेंगे, तो पता चलेगा कि लिफ्ट में क्या खराबी आई है।