छिबरामऊ। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से बिजली बिल से संबंधित शहरी और ग्रामीण पोर्टल को विलय किया जा रहा है। इसके लिए बिलिंग सिस्टम को अपडेट किया जा रहा है। बिलिंग सिस्टम अपडेट होने के बाद 12 जुलाई से उपभोक्ता एक ही पोर्टल पर अपना बिजली बिल जमा कर सकेंगे।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से बिजली बिल जमा करने के लिए शहर व गांव के पोर्टल को एक करने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए आठ जुलाई से बिलिंग सिस्टम को अपडेट करने का कार्य किया जा रहा है, जो 11 जुलाई तक चलेगा। इसके बाद 12 जुलाई से उपभोक्ता एक ही पोर्टल पर अपना बिजली बिल जमा कर सकेंगे। बिलिंग सिस्टम एक होने से अब उपभोक्ताओं को अलग-अलग जगह पर भटकना नहीं पड़ेगा। अभी तक देहात क्षेत्र की बिलिंग एम पॉवर व शहरी क्षेत्र की बिलिंग एचसीएल से होती थी। फिलहाल बिलिंग सिस्टम अपडेट होने के कारण बिजली विभाग के कैश काउंटर बंद चल रहे हैं, जिससे बिजली का बिल जमा करने के लिए आने वाले उपभोक्ता मायूस होकर वापस लौट जाते हैं। उधर, बिलिंग सिस्टम अपडेट होने के कारण शहरी क्षेत्र के बिल बनाने, विभागीय काउंटर पर बिल जमा करने, बिल संशोधन, नाम परिवर्तन, भार वृद्धि व ऑनलाइन बिल जमा करने के कार्य बाधित हैं। जिससे उपभोक्ताओं को बिजली विभाग में आकर यहां से मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। एक्सीएन छिबरामऊ रवींद्र कुमार का कहना है कि सिस्टम अपडेट किया जा रहा है, जिससे 11 जुलाई तक बिल से संबंधित समस्या प्रक्रियाएं बंद की गई हैं। 12 जुलाई से बिल जमा होने की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी।
-
एक ही पोर्टल से जमा होंगे बिल
जेई अजय अवस्थी ने बताया कि एलएमवी वन के तहत घरेलू, एलएमवी टू के तहत कामर्शियल, एलएमवी फोर के तहत विद्यालय, एलएमवी फाइव के तहत निजी नलकूप, एलएमवी सिक्स के तहत व्यवसायिक, औद्योगिक व एचवी टू के तहत कोल्ड स्टोरेज के बिल एक ही पोर्टल से जमा हो सकेंगे।