कन्नौज। मिशन शक्ति के तहत गुरुवार को पीएसएम पीजी काॅलेज में चुप्पी तोड़ो, खुल के बोलो कार्यक्रम हुआ। महिला थाना प्रभारी निर्मला कुमारी व सब इंस्पेक्टर सुप्रिया गुप्ता की टीम ने नाटक मंचन के माध्यम से छात्राओं को जागरूक किया। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध छेड़खानी, घरेलू हिंसा, दहेज आदि से निपटने के लिए छात्राओं को कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय सिंह ने कहा कि केवल शिक्षित व जागरूक बनकर ही वह सुरक्षित रह सकती हैं। उन्हें सजग रहकर स्वयं के लिए ही नहीं बल्कि परिवार व समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी ढाल बनकर खड़े रहना है। मिशन शक्ति प्रभारी रेनू त्यागी ने छात्राओं से कहा कि अपने प्रति होने वाले किसी भी अपराध के प्रति चुप रहकर उसे बढ़ावा न दें, तुरंत विरोध दर्ज करें।
प्रधान कुलानुशासक डॉ. अमित सचान ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर अपने मोबाइल में सुरक्षित रखने व जरूरत पड़ने पर प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. वरुण वशिष्ठ, श्रद्धा मिश्रा, डॉ. शिवनारायण, डॉ. अमित कुमार, डॉ. शीशपाल, डॉ. ओम शंकर, डॉ. श्याम वाजपेई, डॉ. प्रीति, डॉ. पूजा, डॉ. संगीता, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. आशीष, डॉ. रमेश सिंह, मीना दीक्षित, डॉ. सत्येंद्र, डॉ. लक्ष्मी नारायण, डॉ. प्रियंका मिश्रा, राम नारायण, प्रेम नारायण आदि मौजूद रहे।