कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लगातार होने वाले हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। इसके लिए यूपीडा की टीम और मेडिकल कॉलेज की टीम आपस में समन्वय बनाकर इसकी समीक्षा करें और हादसों को रोकने का ठोस खाका तैयार करें। उन्होंने अफसरों से कहा कि सड़क को पार्किंग बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। सड़क चलने के लिए है। इस पर अतिक्रमण नहीं होना चाहिए।
डीएम शुभ्रांत शुक्ल ने गुरुवार को कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की आयोजित बैठक के दौरान कहा कि यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रूप कराया जाए। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्साधीक्षक और यूपीडा के अधिकारी समन्वय स्थापित कर समीक्षा करें कि एक्सप्रेस-वे पर होने वाली दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कैसे कम हो और समय से मेडिकल की सुविधा कैसे मिले। कहा कि यूपीडा अधिकारी दुर्घटना होने के तुरंत बाद मेडिकल ऑफिसर को अवगत करा दें, ताकि समय से ट्रीटमेंट हो सके। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में ओवरलोड वाहन नहीं चलना चाहिए, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक किया जाए कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग ना करें, हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के वाहन का संचालन न किया जाए। बैठक में एडीएम आशीष सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सीपी पाल सहित कई अफसर मौजूद रहे।
999999999999999
हादसों वाली जगह को करें चिह्नित
बैठक में डीएम ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अधिक दुर्घटनाएं हो रही हैं उन्हें चिन्हित कर जागरूकता के कार्यक्रम चलाए जाएं। इसके साथ ही चिह्नितस्थलों पर साइन बोर्ड, ब्रेकर आदि की जो समुचित इंतजाम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगता हुआ दिखना चाहिए।
9999999999999
अवैध गाड़ियों पर हो कार्रवाई
डीएम ने कहा कि स्कूल खुलने का समय हो गया है, सभी स्कूल बस, वैन आदि गाड़ियों की चेकिंग कर फिटनेस को देखा जाए। स्कूली ड्राइवर पूर्ण रूप से स्किल /प्रशिक्षित होना चाहिए। उन्हें जानकारी होनी चाहिए कि बस को किस स्पीड से चलाना है और बच्चों को कैसे बैठाना और उतारना है। स्कूल में एलपीजी की जो गाड़ियां चल रही हैं, उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई की जाए। जो अवैध रूप से गाड़ियां संचालित हैं, उन पर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थानों पर जहां स्पीड ब्रेकर, ब्लैक स्पॉट, रिफलेक्टर, साइनस बोर्ड आदि नहीं लगे वहां लगाने की व्यवस्था की जाए।