कन्नौज। ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना के सभी कार्यों में महिला मेट की अनिवार्यता लागू किए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को मनरेगा योजना से जुड़ी महिला मेट ने विकास भवन में शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। बाद में उपायुक्त मनरेगा दिनेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। मनरेगा महिला मेट शक्ति संगठन जैसे बैनर तले कार्यरत महिला मेट ममता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मनरेगा मेट की एक सम्मानजनक प्रतिमाह वेतन लागू किया जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत के सार्वजनिक कार्यों में कार्य दिया जाए। महिला मेट को कार्य उपलब्ध कराए जाने को लेकर भी जिम्मेदार गंभीरता नहीं दिखा रहे। मनरेगा श्रमिकों को 200 दिन का काम दिलाए जाने व 400 मजदूरी दिए जाने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। इस दौरान नीतू, पूजा देवी, सुनीता, सुषमा, सीमा देवी, राधा कुशवाहा, सुमन सहित कई महिला मेट मौजूद रहीं।