छिबरामऊ। नगर के 100 शैया अस्पताल में एक साल बाद फिर से किलकारी गूंजेगी। यहां प्रसव की सुविधा शुरू कराई जा रही है। इसके लिए अस्पताल के गायनी वार्ड में मॉक ड्रिल कर तैयारियों को परखा जाएगा। प्रसव के लिए तीन स्टाफ नर्सों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
100 शैया अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. बिपिन सचान ने चिकित्सक डॉ. कुलदीप सिंह, स्टाफ नर्स संगीता व वंदना से डिलीवरी कक्ष की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जल्द ही वार्ड में मॉक ड्रिल कर यहां की तैयारियों की परखा जाए। मॉक ड्रिल में गायनी वार्ड के उपकरणों व दवाओं के बारे में भी पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रसव के लिए गायनी वार्ड में स्टॉफ नर्स शिल्पी, नीतू व संगीता की ड्यूटी लगाई गई है। प्रसव के दौरान इन स्टाफ नर्सों की मदद वंदना, शालू व अर्चना करेंगी। बता दें कि सौ शैया अस्पताल में 12 जून 2022 के बाद कोई भी प्रसव नहीं हुआ है। प्रभारी सीएमएस ने बताया कि गायनी वार्ड में प्रसव की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है, जल्द ही प्रसव की सुविधा शुरू करा दी जाएगी।
-
आशा बहुओं के साथ की जाएगी बैठक
अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को प्रसव को लाने के लिए आशा बहुओं के साथ बैठक की जाएगी। इसके अलावा 102 एंबुलेंस चालकों को भी महिलाओं को प्रसव के लिए सौ शैया अस्पताल में लाने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल में पिछले तीन साल में हुए महज 50 प्रसव
अस्पताल में साल 2020 में सात, साल 2021 में 41 व साल 2022 में महज दो प्रसव हुए। बता दें कि साल 2021 में कोविड के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छिबरामऊ का लेबर रूम बंद हो गया था, जिसके कारण सौ शैया अस्पताल में प्रसवों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई।
गायनेकॉलेजिस्ट व बाल रोग विशेषज्ञ की शासन से की मांग
100 शैया अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. बिपिन सचान ने बताया कि अस्पताल में गायनेकॉलेजिस्ट व बाल रोग विशेषज्ञ की मांग को लेकर शासन को पत्र भेजा गया है। दोनों चिकित्सक यदि शासन से मिल जाते हैं तो अस्पताल की सुविधाएं और भी बेहतर हो जाएंगी।
डिलीवरी शून्य होने पर कटी थी 20 लाख की धनराशि
साल 2018-19 में प्रदेश में नंबर वन होेने पर 100 शैया अस्पताल को 50 लाख का इनाम मिला था लेकिन अस्पताल में डिलीवरी शून्य होने पर 20 लाख की रकम काट दी गई थी। कायाकल्प को चार साल बीत जाने के बाद भी अस्पताल में अभी तक प्रसव की सुविधा सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है।