तिर्वा। तिर्वा कोतवाली के सियापुर गांव में पांच माह के नवजात की संदिग्धहालात में मौत से सनसनी फैल गई। पहले उसकी हत्या करने की चर्चा रही। बाद में उसके पिता ने मामले को हादसा बताया। पिता के मुताबिक वह बच्चे को छत पर ले जाकर गोद में खिला रहा था। इसी बीच बच्चा छूट कर नीचे गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
सियापुर गांव निवासी मनोज शर्मा दिल्ली में मजदूरी करता है। वह घर बनवाने के लिए दिल्ली से यहां आया हुआ है। उसके तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा पांच वर्ष का अवनीश, तीन वर्ष की मोहिनी और पांच माह का सौरभ। मनोज शर्मा ने बताया कि सोमवर की सुबह वह अपने छोटे बेटे सौरभ को घर की छत पर खिला रहा था। इसी बीच बच्चा उसकी गोद से छिटक कर गिर गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आनन-फानन परिजन मासूम को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इससे परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल डॉ. महेशवीर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने हत्या की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की जिसमें बच्चे के पिता ने हादसे की बात कही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ हो सकेगी।
इनसेट
हथौड़ा मारकर हत्या की थी चर्चा
पहले यह चर्चा रही कि पांच माह के मासूम के सिर पर हथौड़ा मारकर उसे मारा गया है। परिवार की ही एक महिला पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगता रहा, लेकिन बाद में बच्चे के पिता ने सामने आकर ऐसी किसी वारदात से साफ इन्कार करते हुए मामले को हादसा बता दिया। देर शाम तक गांव में कई तरह की चर्चा होती रहीं।