कन्नौज। जमीनी रंजिश में आलू की फसल की बुआई करा रहे अधिवक्ता व उसके भाईयों पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला बोल दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना स्थल पर पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड सरायमीरा निवासी अधिवक्ता राजेंद्र सिंह का इमलियापुरवा गांव में खेत है। रविवार को वह खेत में आलू की फसल की बुआई करवा रहे थे। तभी जमीनी रंजिश को लेकर जसौली गांव निवासी ऐेनुद्दीन व उसके दो बेटों सलाउद्दीन और शहाबुद्दीन भाई मैनुद्दीन के अलावा जुबैर, आजम सहित करीब 20 लोगों ने हाथों में लाठी-डंडा, लोहे की रॉड, धारदार हथियार व तमंचा लेकर हमला बोल दिया। बचाने आए भाई विनोद, अहिबरन, अजीत व नितिन पर भी जानलेवा हमला किया। मारपीट में पांचों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने मारपीट के दौरान गले में पड़ी सोने की चेन व घड़ी लूटने का भी आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंचे अन्य लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए। पीड़ित राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने खेत में आलू की फसल गढ़वा रहे थे। तभी योजनाबद्ध तरीके से हमला बोला गया। कहा कि बहादुरपुर महादेवा गांव निवासी राकेश से 15 जून 22 को खेत खरीदा था। तब से ही ऐेनुद्दीन व मैनुद्दीन रंजिश मानता है। कहा कि दोनों भाईयों का कहना है कि सरायमीरा वाले उनके गांव में खेत नहीं खरीद सकते हैं। आरोप लगाया है कि वह लोग उसके खेत पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। कोतवाल ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।