गुरसहायगंज। ननिहाल से लापता हुए मासूम अल्तमस का शव तीसरे दिन तालाब में मिला। शव के बाहर निकालते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इससे पुलिस ने बगैर कानूनी कार्रवाई के शव सौंप दिया।
कोतवाली क्षेत्र के कस्बे समधन निवासी खालिद की क्षेत्र के ग्राम मझपुरवा में सहीम के घर ससुराल है। पत्नी साबिया बीमार मां को देखने गुुरुवार को जुड़वा चार वर्षीय बेटे अल्तमस और अली के साथ आई थी। शाम पांच बजे मायके जाने के लिए साबिया जब बच्चों के साथ घर से निकली तो अल्तमस लापता हो गया था।
पुलिस टीमें अल्तमस की खोजबीन की। शनिवार को पुलिस जेसीबी से आसपास के तालाबों की सफाई कर बच्चे को खोज रही थी। इस दौरान घर के पास एक तालाब में शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह, निरीक्षक रूद्र प्रताप त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि अल्तमस गेंद खेलता हुआ तालाब की ओर गया था। आशंका है कि गेंद के तालाब में चले जाने पर उसे निकालते समय वह डूब गया और मौत हो गई।