छिबरामऊ। पड़ोसी जिले फर्रुखाबाद में राम नगरिया के शुभारंभ को लेकर उस ओर जाने वाले भारी वाहनों को पुलिस प्रशासन की ओर से रोक दिया गया। इस कारण फर्रुखाबाद रोड पर गुरुवार को दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। इससे नगर से फर्रूखाबाद जाने वाले लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
फर्रुखाबाद में राम नगरिया का शुभारंभ गुरुवार को था। इसको लेकर सुबह से ही पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। फर्रुखाबाद की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को रोक दिया गया। सड़क की एक ओर की पट्टी को बंद कर दिया गया, जबकि दूसरी पट्टी से छोटे वाहन निकल रहे थे। आलम यह था कि फर्रुखाबाद रोड पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। सड़क पर भारी वाहनों की कतार लगी देखी जा रही थी। शाम तक फर्रुखाबाद रोड पर यही स्थिति बनी हुई थी। हालांकि छोटे वाहन व बाइक सवार दूसरी पट्टी से होकर गुजर रहे थे।