मृतक सतेंद्र वर्मा (फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के खरौली गांव में सुबह शौच के लिए खेत गए रिटायर्ड फौजी के बेटे की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या के पीछे की वजह भूमि विवाद बताई जा रही है। जमीन पर कब्जे को लेकर पिछले माह दोनों पक्षों में विवाद भी हुआ था। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह ग्राम खरौली निवासी रिटायर्ड फौजी दफेदार सिंह वर्मा का बेटा सतेंद्र उर्फ बिट्टी (24) सुबह 10 बजे के करीब शौच के लिए खेतों की ओर गया था। जब वह गांव के ही लाखन सिंह यादव के खेत पर पहुंचा तभी कुछ लोगों ने घेर कर उसके सिर में गोली मार कर दी। सतेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव का ही मंजू पुत्र श्यामलाल अपने खेत से घटनास्थल पर पहुंचा, तब तक हमलावर भाग चुके थे। मंजू ने घटना की सूचना सतेंद्र के परिजनों को दी। सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी सोमेंद्र कुमार नेगी, थानाध्यक्ष रवींद्रनाथ यादव व हल्का प्रभारी बीएल आजाद मौके पर पहुंचे।
इसी बीच घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का आक्रोश देखते हुए सीओ ने आसपास के थानों की फोर्स बुलवा ली, जिस पर सौरिख थानाध्यक्ष संतोष कुमार व्यास, छिबरामऊ कोतवाल अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के पिता दफेदार सिंह ने गांव के ही राकेश व लालाराम पुत्रगण मुंशीलाल, दिलीप पुत्र राकेश, ब्रजेश पुत्र लालाराम, रामजीलाल पुत्र मेघनाथ सहित कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए घटना की तहरीर दी। परिजनों ने बताया कि जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में इन लोगों ने सतेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दफेदार की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। सीओ सोमेंद्र कुमार नेगी ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।