दिल्ली से रोडवेज बस से गांव आ रहा एक युवक से रास्ते में जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। गिरोह के लोग उसके पास मौजूद 20 हजार रुपये, कपड़े व मोबाइल लेकर फरार हो गए। रोडवेज बस के परिचालक ने उसे शुक्रवार सुबह मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के सूरतपुर गांव का निवासी मुन्नूबाबू (27) पुत्र रामकिशोर दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करता है। गुरुवार को वह छुट्टी लेकर गांव लौट रहा था। दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय बस अड्डे पर वह कन्नौज डिपो की दिल्ली-सौरिख रोडवेज बस पर बैठ गया। बस चलने के कुछ देर बाद दो अन्य सवारियां उसकी सीट पर बैठ गईं।
रास्ते में युवक से जान पहचान कर उसे बिस्कुट में नशीला पदार्थ खिला दिया। इससे वह बेहोश हो गया। उसके पास मौजूद बैग लेकर जहरखुरानी गिरोह के लोग रास्ते में उतर गए। शुक्रवार सुबह तिर्वा आने पर जब परिचालक अनिल सिंह ने उसे बेहोशी की हालत में देखा तो वह बस को लेकर मेडिकल कालेज पहुंचा। यहां इमरजेंसी वार्ड में उसे भर्ती कराया। डाक्टरों के उपचार के बाद उसे होश आया। इस पर परिजनों को सूचित किया गया। सूचना पाकर परिजन भी मेडिकल कालेज पहुंच गए। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है।