अमोलर थानाक्षेत्र के मझैया रिश्तेदारी में आए युवक का शव जंगल में मिलने के बाद दिल्ली से लौटे उसके बड़े भाई ने गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सुरेश चंद्र ने अपने भाई धनीराम (24) की मौत की सूचना पुलिस को देने के बाद उसकी पत्नी पूनम और मौसा ससुर रावेंद्र समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के बाद मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सुरेश चंद्र ने बताया कि धनीराम का उसकी पत्नी पूनम से विवाद चल रहा था। वह अपने मौसा रावेंद्र के घर रह रही थी। बीते दिन पूनम ने फोन कर उसे बुलाया था। इसके बाद उसके भाई की निर्मम हत्या कर उक्त शव मझैया के जंगल में फेंक दिया था। बताया कि धनीराम और उसके मझले भाई जितेंद्र की एक ही मंडप में पूनम की बड़ी बहन पूजा के साथ शादी हुई थी। पूजा अपनी बहन को बचाने का प्रयास कर रही है।
आरोप लगाने के बाद मौसा ससुर रावेंद्र व उसकी पत्नी गुड्डी परिजनों से साथ फरार है। घर में ताला लटका है। मवेशी भूखे प्यासे परेशान हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार की शाम को धनीराम दारू पीकर आया था। पत्नी को बुलाने की बात पर दोनों में झगड़ा के बाद गाली-गलौज के बाद मारपीट की नौबत आ गई थी। वहीं उसका ससुर भी मंगलवार को मझैया आ गया था। थानाध्यक्ष आरपी पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कार्रवाई हो सकेगी।