कन्नौज। पुलिस चौकी के पास चल रहे प्रतिबंधित पशुओं को मारने के गोरखधंधे में शामिल चौकी प्रभारी व दो सिपाहियों को एसपी ने निलंबित कर दिया। चौकी स्टाफ पशुओं का वध करने वालों से मोटी रकम लेकर उन्हें संरक्षण देता था।
ज्ञात हो कि एक माह पूर्व एसपी के निर्देश पर इंदरगढ़ थाना पुलिस ने उमर्दा चौकी के पास एक ढाबे के पास छापेमारी कर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करते समय कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने ढाबा मालिक समेत पशु मेला मैनेजर की संलिप्तता देखकर उन्हें जेल भेज दिया था।
एसपी को उमर्दा चौकी प्रभारी संजीव चौहान व सिपाही दीपक और दीपक कुमार द्वारा पशुओं का वध करने वालों से पैसा लेकर संरक्षण देने की जानकारी मिली थी। एसपी हरीश चंदर ने मामले की जांच सीओ हौसला प्रसाद को सौंपी थी। जांच में आरोप सही पाए गए। इस पर गुरुवार को एसपी ने चौकी प्रभारी संजीव कुमार व सिपाही दीपक व दीपक कुमार को निलंबित कर दिया।
किशोर को हवालात में पीटने पर दरोगा निलंबित
कन्नौज। जमीनी विवाद में कब्जेदार से रुपये लेकर गरीब के बेटे को हवालात में बंद कर पीटने के मामले में तिर्वा कोतवाली क्षेत्र की चौकी पचोर के चौकी प्रभारी राजेश यादव को पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने निलंबित कर दिया। क्षेत्र के गांव गांगेमऊ निवासी गरीब किसान कालिका प्रसाद ने 28 अगस्त को एसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया था कि आरोपियों से पैसा लेकर चौकी प्रभारी उसे प्रताड़ित कर रहे है। स्कूल जाते समय उसके 12 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार कर तिर्वा कोतवाली के हवालात में बंद कर पीट दिया। इससे पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की है।