मंदिर बनाकर जमीन पर कब्जे के प्रयास को लेकर दो पक्षंो में विवाद हो गया। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन लोगों हिरासत में लिया है। गांव भगवंतपुर निवासी प्रेमचंद्र ने बताया कि वह अपनी जमीन पर पिछले कई दिनों से मंदिर का निर्माण करा रहा है। मंगलवार को उसका भाई राजेश्वर व भतीजा पंकज कई अन्य लोगों के साथ आया। जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए गालीगलौज करने लगा। गाली देने से रोका तो मारपीट पर आमादा हो गया।
उक्त लोगों ने निर्माण स्थल पर भी तोड़फोड़ की। उधर दूसरे पक्ष के पंकज ने बताया कि जिस जगह मंदिर का निर्माण हो रहा है वह जमीन फर्रुखाबाद में रह रहे उसके ताऊ रतीराम की है। ताऊ के कहने पर उन लोगों से निर्माण कार्य बंद करने की बात कहने गया था। इस पर प्रेमचंद्र और उसके बेटे गालीगलौज व झगड़ा करने लगे।
इस दौरान किसी ने धार्मिक स्थल को तोड़ दिया। झगड़े की सूचना पर कोतवाल राजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। झगड़ा कर रहे उक्त लोगंो को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आए। इस दौरान कोतवाली पहुंचे उपजिलाधिकारी उदयवीर सिंह व सीओ सोमेंद्र कुमार नेगी को पूरे मामले से अवगत कराया गया। कोतवाल ने बताया कि हिरासत में लिए गए प्रेमचंद्र, राजेश्वर व पंकज के खिलाफ शांतिभंग की आशंका के तहत कार्रवाई की जाएगी।