नकसिया गांव में गुरुवार देर रात रुपये के लेनदेन को लेकर पड़ोसियों के बीच लाठी-डंडे चल गए। इसमें एक महिला की मौत हो गई। वहीं दूसरी घायल महिला को सीएचसी गुरसहायगंज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक नकसिया गांव में देर रात रुपये के लेनदेन के विवाद में बलराम और मूर्ति देवी के परिवार वाले भिड़ गए।
इस दौरान जमकर लाठियां चलीं। इसी दौरान एक पक्ष से सोनकली(46) पत्नी बलराम के सिर पर लाठी का प्रहार लगा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष से मूर्ति देवी पत्नी रामलाल गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। इसके बाद मूर्ति देवी को सीएचसी लाया गया है। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों से किसी ने भी तहरीर नहीं दी है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।