थाना तालग्राम के गांव चांदापुर में समझौते का दबाव बनाने के लिए दबंगों ने सोमवार की रात लगभग 12.30 बजे पीड़िता का घर घेर कर गाली गलौज की। जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़िता ने एसपी को फोन किया तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख दबंग भाग गए। महिला ने मंगलवार की सुबह थानाध्यक्ष से शिकायत की है।
गांव निवासी महिला ने बताया कि 11 जुलाई को पंचायत में उसका मुंह काला कर जूतों की माला डालकर घुमाया गया था। इसमें 12 लोगों को नामजद किया गया था। सोमवार की रात आरोपी अतर सिंह, गौतम ने उसका घर घेरकर गाली-गलौज शुरू कर दी। बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी देने लगे।
भयभीत होकर पुलिस अधीक्षक को मोबाइल पर सूचना दी। चौकी प्रभारी अमोलर छेदीलाल पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे तो दबंग भाग गए। महिला ने सुबह थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष आरपी पांडेय ने बताया कि महिला को सुरक्षा का भरोसा दिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।