कारतूसों का जखीरा हुआ था बरामद
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला
जलालाबाद। क्षेत्र में लगे दो मोबाइल कंपनियों के टावर पर कब्जा करने के लिए 50-60 लोग आ धमके। इनमें से करीब आधा दर्जन असलहाधारी भी थे। कंट्रोल रूप की चाभी न देेने पर इन लोगों ने टावर आपरेटर के साथ मारपीट कर दी। ग्रामीणों के विरोध करने पर असलहा तान दिया। इसे लेकर हंगामा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने दोनों पक्षों में जमकर गाली गलौज हुई। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया और आए हुए लोगों को वापस भेज दिया।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे क्षेत्र में लगे टावरों पर आपरेटर पद पर तैनात कल्लू सक्सेना निवासी जलालाबाद के पास करीब डेढ़ दर्जन गाड़ियों में सवार होकर 50-60 लोग पहुंचे। इन लोगों ने अपने को मोबाइल कंपनी का अधिकारी बताया और कुछ लोग टावर पर चढ़कर जांच करने लगे। जांच के बाद इनमें से मौजूद एक व्यक्ति ने कल्लू से टावर के दो माड्यूल गायब होने की बात कही। इस पर कल्लू ने कहा कि इसकी जानकारी उसे नहीं है। टेक्नीशियन अतुल ही इस बारे में कुछ बता सकता है। इस पर आये लोगों ने अतुल की जगह नीरज को टेक्नीशियन के पद पर नियुक्त करने की बात कही और कंट्रोल रूम की चाभी मांगी। जिसे देने से कल्लू ने मना कर दिया। इसी पर कुछ लोगों ने कल्लू की पिटाई कर दी।
वह घर की ओर भागा तो ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने मारपीट का विरोध किया तो आये लोगों के साथ मौजूद असलहाधारियों ने ग्रामीणों पर राइफलें तान दी। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना जसोदा चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह व यूपी 100 को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। जिसके सामने दोनों पक्षों में जमकर गाली गलौज हुई। मौके पर धीरे-धीरे करीब दो सैकड़ा लोग जुट गए। बात बढ़ती देख चौकी इंचार्ज ने दोनों पक्षों को शांत कराया और आये हुए लोगों को वापस भेजा। चौकी इंचार्ज ने बताया कि एक मोबाइल कंपनी के अधिकारी थे। जो जांच करने आए थे। इसी दौरान किसी बात पर ग्रामीणों से झड़प हो गई। दोनों पक्षों को शांत कराकर भेज दिया गया है। किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।